You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : मैं की भावना का त्याग कर आप शब्द का करना चाहिए प्रयोग : बोले पंडित प्रदीप मिश्रा

width="500"

अधिक मास, प्रदोष जैसे विशेष संयोग पर शिव महापुराण कथा का श्रवण करना पुण्यदायी
श्रद्घालुओं को शिवत्व के माध्यम से जीवन को सुखमय बनाने का दिया संदेश
बलिया।
बाबा बालखंडी नाथ मंदिर दिउली के सानिध्य में चल रही शिव महापुराण कथा के चौथे दिन अंतरराष्टÑीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्घालुओं को शिवत्व के माध्यम से जीवन को सुखमय बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से भगवान के भजन और नाम स्मरण से मनुष्य को मनचाही भौतिक संपदाओं के साथ-साथ शिव की कृपा भी प्राप्त होती है, जबकि व्यसनों में लिप्तता जीवन को बर्बाद कर देती है।


पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मैं की भावना का त्याग कर आप और हम शब्द का प्रयोग करना चाहिए। शिव भक्त किसी कार्य का श्रेय स्वयं नहीं लेता, बल्कि उसे भोलेनाथ की कृपा मानता है और सामूहिकता को महत्व देता है। जिस व्यक्ति के मन में यह भाव आ जाता है कि उसका घर नहीं, बल्कि शिव का घर है, उसके जीवन और परिवार से अशांति स्वत: दूर हो जाती है।

कथा के दौरान उन्होंने बलियावासियों को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि अधिक मास, प्रदोष, शिवरात्रि और सोमवती अमावस्या जैसे विशेष संयोगों के बीच शिव महापुराण कथा का श्रवण करना अत्यंत पुण्यदायी है। एक क्षण की महत्ता को समझाते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने संत और लोहार की कथा सुनाई।

उन्होंने बताया कि एक गरीब लोहार प्रतिदिन कुछ समय के लिए शिवालय जाकर नंदी के कान में अपनी बात कहकर लौट आता था। एक बार गांव में भीषण वर्षा और जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर उसने नंदी के माध्यम से भोलेनाथ से अपनी सुधि लेने की प्रार्थना की। भगवान शिव की कृपा से वर्षा रुक गई और पूरा गांव संकट से बच गया।

पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शिव से संबंध जोड़ने के लिए घंटों की साधना नहीं, बल्कि सच्चे मन से किया गया एक क्षण का स्मरण भी पर्याप्त है। इस दौरान परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह और उनके परिजनों के साथ अनुज सरावगी, अनिल पांडेय, राजाराम सिंह, राजेश गुप्ता आदि ने व्यास पीठ की पूजा की। इस दौरान बीएसए मनीष कुमार सिंह, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने भी आशीर्वाद प्राप्त किया।

बिना प्रसाद ग्रहण किये लौट रहे अधिकतर श्रद्धालु
बलिया। बाबा बालखंडी नाथ मंदिर दिउली में शिव महापुराण कथा के चौथे दिन कथा संपन्न होने के बाद अधिकतर श्रद्धालु बिना प्रसाद ग्रहण किये घर की तरफ जाने लगे। भंडारा में वही श्रद्धालु शामिल हो रहे है, जो रात्रि में निवास कर रहे है। लगभग दो लाख श्रद्धालुओं की भीड़ कथा पंडाल, बाहर एवं सड़क पर देखने को मिली।

इस बीच आयोजन समिति की तरफ से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण की व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन प्रसाद वितरण व्यवस्था कथा पंडाल से दूसरे छोर पर है, जहां भोजशाला बनाया गया है। इसी क्रम में चौथे दिन भी ध्वनि यंत्र की समस्या रही। पीछे कुछ जगहों पर आवाज नहीं पहुंचने के कारण श्रद्धालु शिकायत करते रहे।

सीएम से मिले परिवहन मंत्री
बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाबा बालखंडी नाथ मंदिर दिउली में चल रहे शिव महापुराण कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। शिव महापुराण कथा का समापन 15 जून को है। इसे लेकर जानकारी मिल रही है कि कई बड़े नेता भी कथा में शामिल हो सकते है।

अर्द्ध नारीश्वर की सजी झांकी
बलिया। शिव महापुराण कथा में आदर्श वाटिका के मालिक जयेस मिश्रा ने अर्द्ध नारीश्वर के रूप में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे। उनकी अति सुंदर रूप देखकर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव का जयकारा लगाया। शिव महापुराण कथा में आरती के पहले शिव-पार्वती की झांकी दर्शन भी हो रहा है। कथा में दिन प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।

कथा स्थल पर सजी सैकड़ों दुकानें
बलिया। शिव महापुराण कथा में सीहोर, मध्य प्रदेश से सैकड़ों की संख्या में आये लोगों ने अपनी दुकानें सजायी हुई है। वह रूद्राक्ष की माला, शम्मी का पेड़, पं. प्रदीप मिश्र की तस्वीर आदि सामानों की बिक्री करते दिखायी दे रहे है। इसके अलावा चाय-पान, गन्ना का रस, चाट-छोला, जलेबी आदि की दुकानें भी लगी है। इनकी दुकानों पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ लग रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *