
सिकंदरपुर (बलिया)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के संभावित उम्मीदवार डॉ. विजय रंजन ने सिकंदरपुर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर लोगों की समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का आश्वासन दिया।
जनता को संबोधित करते हुए डॉ. विजय रंजन ने कहा कि सिकंदरपुर का भविष्य युवाओं के हाथों में है। आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा जातिगत, परिवारवादी और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास, शिक्षा, रोजगार और क्षेत्र के समग्र उत्थान को अपना लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि युवा केवल वोटर नहीं बल्कि परिवर्तन के सबसे बड़े वाहक हैं। यदि क्षेत्र का युवा वर्ग सकारात्मक सोच और विकास की राजनीति के साथ एकजुट होकर आगे बढ़े, तो सिकंदरपुर को पूरे बलिया जनपद का सबसे विकसित और आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, मैं सिकंदरपुर के प्रत्येक युवा साथी से आग्रह करता हूं कि वे क्षेत्र के विकास के लिए आगे आएं, कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें और एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत करें, जिसमें जाति नहीं बल्कि योग्यता, परिवारवाद नहीं बल्कि जनसेवा और व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं बल्कि क्षेत्र का विकास सर्वाेच्च प्राथमिकता हो।
डॉ. विजय रंजन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार लगातार विकास और जनकल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रही है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बिजली, आवास तथा गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किंतु सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में इन योजनाओं का अपेक्षित लाभ जनता तक नहीं पहुंच पाया है। इसका प्रमुख कारण वर्तमान क्षेत्रीय विधायक की निष्क्रियता तथा विकास कार्यों के प्रति गंभीरता का अभाव है। यदि जनप्रतिनिधि सक्रिय होकर सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य करें, तो क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों ने अपनी प्रमुख समस्याओं और मांगों को भी डॉ. विजय रंजन के समक्ष रखा। इनमें गंगा एवं घाघरा नदी के कटान की स्थायी रोकथाम, प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त अस्पताल की स्थापना, बेहतर बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, जलभराव की समस्या का समाधान, किसानों के लिए सिंचाई की समुचित व्यवस्था एवं उचित मुआवजा, गरीबों तक प्रभावी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच तथा तेज एवं पारदर्शी विकास कार्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।
डॉ. विजय रंजन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि सिकंदरपुर के वर्तमान को सुधारना और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य तैयार करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता विकास, कार्यक्षमता, ईमानदारी और जनसेवा के आधार पर अपना निर्णय देगी।

