
बलिया। कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की इनोवा शनिवार भोर में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बलिया के रसड़ा निवासी सत्यम समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव के पास सुबह करीब तीन बजे हुई। जानकारी के अनुसार, वाराणसी से निकले युवक कैंची धाम दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार इनोवा हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गाजीपुर के गैबीपुर निवासी राहुल सिंह (35), चंदौली के मुगलसराय निवासी राहुल कुमार (36), बलिया के रामपुर रसड़ा निवासी सत्यम (38) और ट्रक खलासी गाजीपुर निवासी सूरज यादव (30) की मौत हो गई।
वहीं मिर्जापुर के चुनार निवासी चंदन सिंह (35), पंकज सिंह (34) और बलिया के बेला निवासी प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे किनारे ट्रक खड़ा था, तभी पीछे से आ रही इनोवा अनियंत्रित होकर उसमें घुस गई। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने या तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिवारों में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।

