Asarfi

Ballia : चार दिनों से अंधेरे में डूबा पूर गांव, ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली ठप; ग्रामीणों ने धरने का किया ऐलान

width="500"

बलिया। विद्युत उपकेंद्र पहराजपुर के अंतर्गत आने वाली क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत पूर में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण गांव के सैकड़ों घर अंधेरे में डूबे हुए हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली संकट से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर बदलने या बिजली व्यवस्था बहाल करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी व्याप्त है।


बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्यों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। रात के समय गांव में अंधेरा पसरा रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे। इसी क्रम में बुधवार से ग्रामीण विद्युत व्यवस्था बहाल कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठेंगे।
ग्रामीणों में सविंदर सिंह, राजेश तिवारी, राजेंद्र तिवारी, धनजी गुप्ता, अमित उपाध्याय, संजय गुप्ता, दिलीप गुप्ता और बेचू वर्मा सहित अन्य लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *