Asarfi

Ballia : बंगाल के हाईप्रोफाइल हत्याकांड में बलिया का राजकुमार गिरफ्तार

width="500"

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ राजकुमार की फोटो आई सामने
बलिया।
पश्चिम बंगाल में सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई ने सोमवार तड़के बलिया के रसड़ा क्षेत्र निवासी राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया। इससे पहले 10 मई को बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया था। दोनों पर चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश और वारदात में शामिल होने का आरोप है। आरोपी राजकुमार के सोशल एकाउंट पर भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ उसकी फोटो वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी कार रुकवाकर कई राउंड फायरिंग की थी। सीने और पेट में तीन गोलियां लगने से उनकी मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।


सूत्रों के मुताबिक, राजकुमार सिंह को इस हत्याकांड का मुख्य शूटर माना जा रहा है। सीबीआई को उसकी गतिविधियों की पहले से जानकारी मिल चुकी थी। एजेंसी को सूचना मिली थी कि वह हरिद्वार से लौट रहा है। इसके बाद मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सीबीआई के अधिकारी राजेश कुमार ने आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली गई। अब उसे कोलकाता की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी उससे पूछताछ कर हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों से संबंधों की जांच करेगी।

विदेश जाने की तैयारी में था राजकुमार
बलिया के रत्तोपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह एलएंडटी अयोध्या में कार्यरत थे और मार्च में सेवानिवृत्त हुए हैं। राजकुमार ने बीए प्रथम वर्ष तक पढ़ाई की, लेकिन पढ़ाई छोड़कर मुंबई में क्रेन हेल्पर का काम करने लगा था। करीब आठ महीने पहले वह वापस गांव लौट आया था।
सूत्रों के अनुसार, राजकुमार विदेश जाने की तैयारी कर रहा था और पासपोर्ट बनवाने के लिए चरित्र प्रमाणपत्र हेतु आवेदन किया था। हालांकि पुराने मुकदमे के कारण प्रमाणपत्र नहीं बन पाया। करीब तीन वर्ष पहले गांव में हरिजन समाज के लोगों से विवाद के मामले में उस पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल भी जा चुका है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।

पिता बोले- बंगाल में कोई रिश्तेदारी नहीं
राजकुमार के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6ः45 बजे सीबीआई अधिकारियों का फोन आया था। अधिकारियों ने बताया कि राजकुमार को हिरासत में लिया गया है और पश्चिम बंगाल में हुए पीए हत्याकांड में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि “6-7 मई को राजकुमार कहां था, इसकी जानकारी हमें नहीं है। 10 या 11 मई को वह घर आया था और फिर बाहर जाने की बात कहकर चला गया। पश्चिम बंगाल में हमारी कोई रिश्तेदारी नहीं है। सीबीआई जांच कर रही है, सच्चाई सामने आ जाएगी।

गाजीपुर में भी हुई छापेमारी
उधर, पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोमवार देर रात गाजीपुर में आरोपी संजय राय और विनय राय की तलाश में छापेमारी की। पुलिस ने दोनों के घरों की तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान संजय के भतीजे अमन को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई, बाद में उसे छोड़ दिया गया।

पहले गिरफ्तार आरोपी के नेताओं संग फोटो हुए थे वायरल
इससे पहले गिरफ्तार आरोपी राज सिंह की तस्वीरें भी कई नेताओं के साथ वायरल हुई थीं। सोशल मीडिया पोस्टरों में उसने खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का प्रदेश महासचिव बताया था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई नेताओं के साथ तस्वीरें और रील भी सामने आई थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह राजनीति में सक्रिय होना चाहता था और ब्लॉक प्रमुख चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *