
चितबड़ागांव को तहसील बनाने की मांग तेज, पूर्व मंत्री नारद राय ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
रोशन जायसवाल,
बलिया। फेफना विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र चितबड़ागांव को तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व मंत्री नारद राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित आवास पर मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि जनपद की अधिकांश विधानसभाओं की अपनी-अपनी तहसीलें हैं, जबकि फेफना विधानसभा आज भी बलिया सदर तहसील पर निर्भर है। विधानसभा क्षेत्र का दायरा बड़ा होने के कारण लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी बलिया मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।

उन्होंने कहा कि फेफना विधानसभा के अंतिम छोर कोरंटाडीह उजियार से बलिया मुख्यालय की दूरी करीब 34 किलोमीटर है, जबकि चितबड़ागांव क्षेत्र के मध्य में स्थित है। नगर पंचायत चितबड़ागांव जनपद की पुरानी एवं महत्वपूर्ण व्यापारिक नगरी है, जहां बड़ी मंडी भी संचालित होती है।

ज्ञापन में बताया गया कि चितबड़ागांव की आबादी करीब 50 हजार है तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर लाखों लोग सीधे तौर पर इससे प्रभावित होंगे। यदि चितबड़ागांव को तहसील का दर्जा मिल जाता है तो आम जनता को प्रशासनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और बलिया सदर तहसील पर बढ़ता दबाव भी कम होगा। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।

पंकज चौधरी, बृजेश पाठक, ओपी राजभर, स्वतंत्र देव सिंह, मनोज पांडेय, शिवप्रताप शाही से नारद राय ने की मुलाकात
फेफना की तकदीर और तस्वीर दोनों बदलेंगी: बोले नारद राय
बलिया। फेफना विधानसभा की राजनीति में पूर्व मंत्री नारद राय के बढ़ते कदम ने सियासत को और गर्म कर दिया है। अब चितबड़ागांव को तहसील मुख्यालय बनाने को लेकर सीएम से मिले पूर्व मंत्री नारद राय को अब उम्मीद है कि जल्द ही फेफनावासियों के लिए खुशखबरी होगी। इसके पीछे सोच यह भी है कि जिले केे कुल सात विधानसभाओं में एक मात्र विधानसभा फेफना जो तहसील से वंचित है। अब इसको पूरा करने की कवायद और तेज हो गई है।

अगर ध्यान से देखें तो चितबड़ागांव से भरौली और कोरंटाडीह की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है, ऐसे में यहां किसानों और लोगों के हित के लिए तहसील जरूरी है। पूर्व मंत्री नारद राय फेफना विधानसभा की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए निकल चुके है। उनका दावा है कि फेफना विधानसभा में भाजपा का परचम लहराएगा।

इनसे भी पूर्व मंत्री ने की मुलाकात
इसी क्रम में पूर्व मंत्री नारद राय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात की। इसके बाद मंत्री ओमप्रकाश राजभर और मंत्री मनोज पांडेय से भी मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की। वहीं डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही से भी मुलाकात की। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भी मुलाकात की।

