
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात निकलने से कुछ घंटे पहले दूल्हा और उसका छोटा भाई सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में छोटे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुखद घटना के बावजूद दोनों परिवारों ने घायल दूल्हे को अस्पताल से लाकर शुक्रवार रात करीब नौ बजे कार में ही शादी की रस्म पूरी कराई।

बनकटा गांव निवासी 22 वर्षीय अंकित पांडेय की बारात बांसडीह के मझवा वार्ड नंबर-9 निवासी तेगा तिवारी की पुत्री प्रमिला तिवारी के यहां जानी थी। परिवार के अनुसार तिलक और विवाह की सभी रस्में लड़की के दरवाजे पर ही होनी थीं। प्रमिला कक्षा आठ तक शिक्षित हैं, जबकि अंकित दिल्ली में रहकर निजी क्षेत्र में नौकरी करता है।
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अंकित अपने 18 वर्षीय छोटे भाई सर्वजीत पांडेय के साथ भिटिया चट्टी पर शेविंग कराने गया था। वापस लौटते समय गांव के पास एक स्कूली बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सर्वजीत की मौत हो गई। वहीं अंकित की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सर्वजीत की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। दुल्हन पक्ष में भी शोक का माहौल छा गया। इस बीच दोनों परिवारों और डॉक्टरों की सलाह के बाद तय हुआ कि शादी की मुख्य रस्म पूरी कराई जाएगी।
इसके बाद घायल दूल्हे अंकित को कुछ समय के लिए अस्पताल से बांसडीह लाया गया। गमगीन माहौल में कार के अंदर ही सिंदूरदान और विवाह की रस्म पूरी कराई गई। इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। रस्म पूरी होने के बाद अंकित को दोबारा इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल ट्रॉमा सेंटर के हड्डी वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
परिवार के अनुसार सिंदूरदान के बाद दुल्हन प्रमिला फिलहाल अपने मायके में ही हैं। यह मार्मिक घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

