
बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के टकरसन गांव निवासी मधुसूदन सिंह के भतीजे राजेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ राजू ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नलहाटी विधानसभा क्षेत्र (बीरभूम) से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर मिली जीत पर उनके पैतृक गांव टकरसन में खुशी की लहर दौड़ गई।
चुनावी आंकड़ों के अनुसार, राजेंद्र प्रसाद सिंह को कुल 87,744 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार को 74,298 मत प्राप्त हुए। राजेंद्र प्रसाद ने 13,446 वोटों के अंतर से विजय हासिल की है।
1857 से है पश्चिम बंगाल से नाता
विधायक के ताऊ और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मधुसूदन सिंह ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से टकरसन का है, लेकिन उनके पूर्वज 1857 में ही पश्चिम बंगाल चले गए थे। उनके पिता कृष्णानंद सिंह बंगाल में कृषि कार्य करते थे। राजेंद्र प्रसाद सिंह को राजनीति विरासत में मिली है। दादा श्रीराम सिंह पश्चिमबंगाल के धर्मपुर गांव के ग्राम प्रधान और फिर ब्लॉक प्रमुख बने। 1957 से 1967 तक वे कांग्रेस के सह-सभापति भी रहे। अपने दादा को ही अपना गुरु मानने वाले 53 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद सिंह साल 2021 में पहली बार विधायक बने। साल 2026 में दूसरी बार जीत का परचम लहराया है।

गांव आते ही उमड़ पड़ती है भीड़
राजेंद्र प्रसाद का अपनी जड़ों से गहरा लगाव है। परिजनों ने बताया कि फरवरी में जब वह गांव आए थे, तो निराश्रितों और जरूरतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। विधायक ने सभी की मदद करते हुए कहा था कि गरीबों की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। रिश्तेदारों और गांव के कार्यक्रमों में वे नियमित रूप से शिरकत करते रहते हैं।
अबीर-गुलाल और मिठाइयों से मना उत्सव
जीत की सूचना मिलते ही गांव में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर बधाई दी। इस दौरान सुमित कुमार सिंह उर्फ मिंटू, वंदना सिंह, सुजीत कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।

