
बलिया। जिला महिला अस्पताल से माल्देपुर तक प्रस्तावित मेडिकल बाईपास कॉरिडोर का सर्वे पूरा हो चुका है और अब लोक निर्माण विभाग द्वारा जमीन चिह्नित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यह परियोजना काफी अहम मानी जा रही है।
नगर विधायक एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से इस परियोजना को शासन की स्वीकृति मिल चुकी है। करीब 35.23 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के तहत 2.41 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण के लिए 1.73 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है, जिससे कार्य में तेजी आई है।
बाईपास मार्ग पर दो पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें एक हैबतपुर गांव के बाहर और दूसरा विजयीपुर के पास बनाया जाएगा, जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान होगा। साथ ही गंगा की बाढ़ और कटान से बचाव के लिए सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे, ताकि मार्ग सुरक्षित बना रहे।
परियोजना के तहत 30 मीटर चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा, जिससे भविष्य में इस मार्ग को फोरलेन में विकसित किया जा सके। वर्तमान में सड़क का निर्माण टू-लेन में किया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से काम बढ़ रहा आगे
माल्देपुर एनएच-31 से जिला महिला अस्पताल तक बनने वाले इस बाईपास के 1.4 किमी हिस्से में पहले से सड़क मौजूद है, जिसकी चौड़ाई 10 से 12 मीटर है। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और विभाग इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रहा है।
चित्तू पांडेय चौराहे पर जाम की समस्या होगी कम
बाईपास बनने के बाद शहर के बीच से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होगा। चित्तू पांडेय चौराहा पर जाम की समस्या में कमी आएगी और सिविल लाइन से फेफना जाने वाले वाहन बिना ओवरब्रिज के नीचे उतरे सीधे माल्देपुर एनएच-31 तक पहुंच सकेंगे।
जारी है भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया
लोक निर्माण विभाग के एई इं. एसके सिंह ने बताया कि मार्ग का चिह्नांकन पूरा हो चुका है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। यह परियोजना शहर को जाम से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

