
बलिया। जनपद में शनिवार से उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में करीब 38 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले थ्री-लेयर चेकिंग प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को खत्म किया जा सके। शहर के कुंवर सिंह इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।

वहीं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में भी शिक्षकों की टीम द्वारा गहन जांच के बाद परीक्षार्थियों को कक्ष में बैठने की अनुमति दी गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे व्यवस्था बनी रहे। परीक्षा संचालन के लिए कुल 260 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पूरे समय सक्रिय रहकर व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। अभ्यर्थी और उनके परिजन हेल्पलाइन नंबर 05498-220830 और 05498-220235 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है।

