
बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के शिवपुर गांव में शनिवार को भीषण आग लगने से सुरेन्द्र नाथ साहनी का आशियाना जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की इस घटना में घर में रखा सामान, अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई, जिससे परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक लगी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया।
सूचना मिलने पर रेवती चेयरमैन प्रतिनिधि अजय पांडे कनक मौके पर पहुंचे और अग्नि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए तत्काल राहत के रूप में आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस दौरान उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता दिलाने की मांग की, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में समाज के सभी लोगों को आगे आकर पीड़ित परिवार की मदद करनी चाहिए।

