Asarfi

Ballia : दुबई में बलिया के रामप्रवेश की जुबानी, आसमान में दिखते है राकेट, सुनाई देती हैं धमाकों की आवाजें

width="500"

ईरान-इजराइल तनाव से परिजनों की बढ़ी चिंता
बलिया।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष की खबरों ने जिले के एक परिवार की चिंता बढ़ा दी है। सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवपुर दतिवड़ निवासी रामप्रवेश चौहान पिछले आठ वर्षों से दुबई के रास अल खैमाह में रहकर काम करते हैं। वहां की स्थिति को लेकर घर पर मौजूद परिजनों की धड़कनें तेज हो गई हैं।


रामप्रवेश चौहान ने फोन पर बताया कि वह शहर से दूर देहात क्षेत्र में रहते हैं, लेकिन शहरों के ऊपर से रॉकेट उड़ते दिखाई देते हैं और समय-समय पर तेज धमाकों की आवाज भी सुनाई देती है। हालांकि जिस कंपनी में वह काम करते हैं वहां फिलहाल काम पहले की तरह ही चल रहा है। रामप्रवेश की पत्नी तेतरी देवी और बच्चों ने बताया कि वह करीब डेढ़ वर्ष पहले गांव आए थे। इस साल मई महीने में बेटी की शादी तय है और उसी समय उनके घर आने की उम्मीद है। लेकिन जैसे ही ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच तनाव की खबरें सामने आईं, परिवार की चिंता बढ़ गई है।


परिजनों ने बताया कि जहां रामप्रवेश रहते हैं वहां के आसमान से रॉकेट गुजरते दिखाई देते हैं, जिसका वीडियो भी उन्होंने बनाकर घर भेजा है। हालांकि फोन पर नियमित बातचीत होती रहती है, जिससे परिवार को थोड़ी राहत मिलती है। रामप्रवेश चौहान के तीन बेटे अरविंद चौहान, पवन कुमार और शत्रुधन हैं, जबकि तीन बेटियों में दो की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी निशा चौहान की शादी मई में तय है।

इस्राइल जाने से बच गए जिले के 45 कामगार
बलिया। इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच जिले के 45 कामगार इस्राइल जाने से फिलहाल बच गए हैं। इसे लेकर वे सभी भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। जिला स्तर से इन सभी कामगारों का चयन हो चुका था और वे इस समय लखनऊ आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनकी ट्रेनिंग मार्च माह में पूरी होने वाली थी और इसके बाद उन्हें इस्राइल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति बनने से फिलहाल प्रक्रिया रुक गई है। परिजनों का कहना है कि यदि इस समय उनके बेटे इस्राइल चले जाते तो परिवार की चिंता और बढ़ जाती तथा होली का त्योहार भी फीका पड़ जाता। अगले 15 दिनों के भीतर इन सभी को इस्राइल भेजने की तैयारी थी।
जिला सेवा योजन अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि जिले के 45 कामगारों का चयन किया गया था और उनकी ट्रेनिंग लखनऊ में चल रही है। इस्राइल भेजने की पूरी प्रक्रिया भी लखनऊ से ही संपन्न की जाती है। फिलहाल स्थिति के अनुसार आगे का निर्णय लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *