
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस पिकेट के समीप स्थित एक मिठाई की दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से लगभग 12 किलोग्राम विभिन्न किस्म की मिठाइयां चुरा ले गए। घटना की जानकारी दुकानदार को रविवार की सुबह हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर फेफना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं पीड़ित दुकानदार ने थाने में तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार फेफना पुलिस पिकेट के समीप चौराहे पर गणेश गुप्ता पुत्र महावीर, निवासी फेफना, की मिठाई की दुकान है। रोज की तरह शनिवार की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काउंटर में रखी करीब 12 किलोग्राम मिठाई चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए।
चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। घटना पुलिस पिकेट के पास होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

