
लखनऊ। आईपीएल 2026 में गुरुवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। आज शाम 7ः30 बजे लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण स्टार बल्लेबाज विराट कोहली रहेंगे, जिनके दीदार के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
विराट कोहली लखनऊ पहुंच चुके हैं और उन्होंने इकाना स्टेडियम में जमकर अभ्यास भी किया। सोशल मीडिया पर उनके अभ्यास के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। टिकटों की मांग काफी अधिक बताई जा रही है। आज का मुकाबला विराट कोहली के लिए खास माना जा रहा है। वह टी20 क्रिकेट में एक बड़े रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। अगर कोहली इस मैच में 78 रन बना लेते हैं, तो वह टी20 क्रिकेट में 14 हजार रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह है। एक तरफ लखनऊ सुपर जायंट्स अपने घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी, तो दूसरी ओर आरसीबी अपने स्टार खिलाड़ियों के दम पर मुकाबला जीतने उतरेगी। इकाना स्टेडियम में इस सीजन के आगामी मुकाबलों पर भी क्रिकेट फैंस की नजर है। 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा।

