
मनियर (बलिया)। तीन माह बाद पंजाब की संदीप कौर का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अपनी ससुराल देवापुर, मनियर पहुंचीं संदीप कौर ने बृहस्पतिवार की रात पति के घर के बाहर धरना दे दिया और पूरी रात दरवाजे पर बैठी रहीं। पुलिस के पहुंचने पर भी उन्होंने थाने जाने से इन्कार कर दिया और शुक्रवार को भी वहीं डटी रहीं।
ये है पूरा मामला
संदीप कौर ने बताया कि 20 फरवरी को बलिया न्यायालय में मुकदमे की तारीख थी। उनका आरोप है कि पति रामकुमार वर्मा ने दूसरी शादी कर ली है। घर में दूसरी महिला को देखने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सूचना पर वह गुरुवार रात यहां पहुंचीं थीं। पुलिस उन्हें थाने ले जाना चाहती थी, लेकिन वह नहीं गईं। संदीप के अनुसार उनका विवाह 17 जनवरी 2019 को देवापुर मनियर निवासी रामकुमार वर्मा के साथ पंजाब के फिल्लौर (जालंधर) स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में हुआ था। रामकुमार रेलवे में स्टेशन मास्टर पद पर कार्यरत बताए जाते हैं। आरोप है कि 17 नवंबर को ड्यूटी पर जाने के बाद वह वापस नहीं लौटे। इसके बाद संदीप के पिता ने उन्हें पति की दूसरी शादी की जानकारी दी।
पुलिस के मदद नहीं करने का आरोप
संदीप 18 नवंबर 2025 को बलिया पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। 26 नवंबर को मनियर थाने में रामकुमार वर्मा व उनके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। 19 फरवरी को भी उन्होंने मनियर में धरना दिया था और आरोप लगाया कि पुलिस उनकी मदद नहीं कर रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मनियर कौशल कुमार पाठक ने बताया कि न्यायालय से रामकुमार वर्मा को तलाक मिल चुका है। यदि संदीप कौर को कोई आपत्ति है तो वह न्यायालय की शरण ले सकती हैं।

