
बलिया। बेरूआरबारी के करीहरा गांव में सोमवार शाम प्रख्यात कथावाचक राजन जी महाराज की श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा स्थल पर बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने सपरिवार व्यासपीठ का पूजन-अर्चन और आरती की।

राजन जी महाराज ने मंच पर चढ़ते ही भगवान श्रीराम व अन्य देवी-देवताओं का पूजन किया और सभी के समक्ष शीश झुकाया। विधायक सहित विभिन्न लोगों ने अंगवस्त्रम भेंट कर राजन जी महाराज का स्वागत किया।

इसके बाद राजन जी महाराज ने श्रीराम जै राम जै जै राम के उच्चारण के साथ कथा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि एक तरफ गंगा की धारा और दूसरी तरफ सरयू की धारा के बीच श्रीराम कथा का प्रवाह हो रहा है। महाराज ने बलिया को अपनी पहली कथा भूमि बताते हुए कहा कि वे इस भूमि को कभी नहीं भूल सकते।

राजन जी महाराज ने श्रीराम कथा का महत्व बताते हुए कहा कि कथा वही है जो जीवन की व्यथा को समाप्त कर दे। उन्होंने जोर दिया कि भगवान की कथा ही भगवत स्वरूप है और भगवत शरणागति जीवन के सभी दुखों को दूर कर देती है। उनके अनुसार, भगवत शरणागति सौ बीमारियों की एक दवाई है, जिसे मन से करना चाहिए।

कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखी गई। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांडाल में कूलर, पंखे, स्प्रिंकलर, पेयजल, प्रसाद और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं। कथा के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया है।

