Ballia : पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

बलिया। पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के पावन अवसर पर ठेंगड़ी अनुसंधान केंद्र, महरांव, चितबड़ागांव में एक भव्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस बौद्धिक प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिनमें जमुना राम मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जमुना राम मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा, अनुशासन और परिश्रम का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप प्रथम स्थान आयुष वर्मा (कक्षा 11), द्वितीय स्थान कृष्ण कुमार यादव (कक्षा 11) तथा तृतीय स्थान अश्मित कुमार (कक्षा 11) ने प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ
जमुना राम ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संस्थापक एवं प्रबंधक डॉ. धर्मात्मानंद द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को विचारशीलता, राष्ट्रसेवा और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के गणित शिक्षक सूरज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी उत्कृष्ट विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह संपूर्ण आयोजन राजू सिंह के संरक्षण में तथा उनकी समिति के सदस्यों की सतत देखरेख में अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता ने न केवल विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को मंच प्रदान किया, बल्कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी दी।

