Asarfi

Ballia : बलिया में एसआईआर प्रक्रिया तेज, 5.98 लाख मतदाताओं को भेजे जाएंगे नोटिस

width="500"

बलिया। जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य तेजी से चल रहा है। इस प्रक्रिया के तहत जिले के कुल 5 लाख 98 हजार 97 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे। मतदाता सूची के आलेख का प्रकाशन और नोटिस वितरण का कार्य 6 जनवरी से शुरू होगा। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अनिल कुमार ने बताया कि जनपद की सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 25 लाख 10 हजार 596 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 20 लाख 53 हजार 784 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।


उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 4 लाख 55 हजार 976 मतदाता ईएसडी (संदिग्ध डेटा वाले) श्रेणी में पाए गए हैं। इसके अलावा 90 हजार 495 मतदाता मृत पाए गए हैं, जबकि 85 हजार 446 मतदाता या तो ट्रेस नहीं हो सके हैं अथवा दिए गए पते पर मौजूद नहीं मिले। वहीं 2 लाख 20 हजार 448 मतदाता ऐसे हैं जो वर्तमान में जिले से बाहर निवास कर रहे हैं। जांच में 45 हजार 451 मतदाताओं के नाम दोहरीकरण (डुप्लीकेट) की श्रेणी में आए हैं। इसके साथ ही 12 हजार 477 मतदाताओं ने फॉर्म तो प्राप्त किए, लेकिन हस्ताक्षर कर उन्हें जमा नहीं किया।


एडीएम अनिल कुमार ने विधानसभा क्षेत्रवार ईएसडी मतदाताओं का प्रतिशत भी साझा किया। सदर बलिया विधानसभा में सबसे अधिक 22.53 प्रतिशत मतदाता ईएसडी श्रेणी में हैं, जबकि बेल्थरारोड विधानसभा में यह प्रतिशत सबसे कम 13.53 है। बैरिया विधानसभा में 20.84 प्रतिशत, बांसडीह में 20.36 प्रतिशत, फेफना में 17.06 प्रतिशत और रसड़ा विधानसभा में 14.09 प्रतिशत मतदाता ईएसडी श्रेणी में पाए गए हैं।


प्रशासन के अनुसार, कुल मिलाकर 5 लाख 98 हजार 97 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, ताकि उनके विवरण का सत्यापन किया जा सके। मतदाता सूची के आलेख का प्रकाशन और नोटिस भेजने की प्रक्रिया 6 जनवरी से शुरू होकर चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नोटिस मिलने पर समय से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करें, जिससे मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *