Ballia : झाड़ियों में अज्ञात शव मिलने से फैली सनसनी, दो चाकू व रस्सी बरामद

बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के लोहटा गांव के पास मंगलवार की सुबह लोहटा-पंडितपुर मार्ग पर झाड़ियों में एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बासनही नदी (लकड़हा) और नथूपुर (जोबनवा) नाले के बीच खेतों की सिंचाई कर रहे किसानों ने शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रसड़ा कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा गड़वार थाने के एसओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से दो चाकू, एक रस्सी, कैंपस का एक जूता तथा एक शॉल भी बरामद हुई है। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि मृतक के चेहरे पर तेजाब डाला गया हो सकता है। पुलिस ने शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों में सूचना प्रसारित कर गहन छानबीन शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार यह सुनसान इलाका है और रात के समय यहां लोगों की आवाजाही बहुत कम रहती है। लोगों का कहना है कि यह तीसरी बार है जब इसी स्थान के आसपास इस तरह की घटना सामने आई है। किसानों के मुताबिक शव से दुर्गंध भी आ रही थी।
सीओ रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

