Ballia : दूसरी बलिया: मखदूमही व ताजपुर में सरकारी 10 एकड़ भूमि चिह्नित, फर्जी अभिलेखों पर कार्रवाई के निर्देश

बलिया। पुरानी दूसरी बलिया की ग्राम मखदूमही एवं ताजपुर में सरकारी भूमि की बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। प्रशासनिक जांच के दौरान ग्राम मखदूमही में कलेक्ट्रेट, अस्पताल, चौक तथा ग्राम ताजपुर में तहसील, मार्ग आदि से संबंधित लगभग 10 एकड़ भूमि की पहचान की गई है, जो गलत तरीके से राजस्व अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गलत तरीके से दर्ज की गई राजस्व भूमि को पुनः राजस्व के खाते में दर्ज कराया जाए। साथ ही इस भूमि को फर्जी तरीके से दर्ज कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश उपजिलाधिकारी सदर को दिए गए हैं।
सीआरओ त्रिभुवन के अनुसार यह भूमि लंबे समय से सरकारी उपयोग में रही है, लेकिन अभिलेखों में हेराफेरी कर इसे निजी खाते में दर्ज करा दिया गया था। जांच के बाद अब प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

