
बलिया। नगर के घनश्याम नगर स्थित अवध पब्लिक स्कूल में शनिवार को होली के उपलक्ष्य में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों के माध्यम से एकता, प्रेम और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर चित्रण किया। बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक और मनोहारी रंगोलियों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे रंगों से सराबोर नजर आया। किसी ने प्राकृतिक रंगों से होली का संदेश दिया तो किसी ने पर्यावरण संरक्षण, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को अपनी कला के जरिए उकेरा। निर्णायक मंडल ने रचनात्मकता, रंग-संयोजन और विषय-वस्तु के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

विद्यालय की संस्थापिका मीरा त्रिपाठी ने कहा कि होली केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का पर्व है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की सृजनात्मक क्षमता का विकास होता है और वे भारतीय संस्कृति से जुड़ाव महसूस करते हैं।
प्रधानाचार्य छाया ने होली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि त्योहार हमें नकारात्मकता त्यागकर सकारात्मकता अपनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल होली मनाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में सह प्रबंधक साकेत त्रिपाठी सहित नंदिनी पाण्डेय, वेदांशी त्रिपाठी, गणेश गुप्त, दिव्यांशी त्रिपाठी, रविशंकर चौबे, अरुण कुमार और बजरंगी वर्मा समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं व अभिभावक मौजूद रहे। अंत में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

