Asarfi

Ballia : बलिया में पुलिस मुठभेड़ : 25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

width="500"

बलिया। बांसडीह पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी गो-तस्कर हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार रविवार देर रात करीब 12 बजे हुसैनाबाद मोड़ पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा और सड़क किनारे फिसलकर गिर गया।
पुलिस से घिरा देख बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश बबलू नट (पुत्र सुलेमान नट, निवासी आदर, थाना बांसडीह, जनपद बलिया) के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त 25 हजार रुपये का इनामी वांछित गो-तस्कर है। 8 फरवरी को गोवंश की तस्करी कर बिहार ले जाते समय उसका एक साथी गिरफ्तार हुआ था, जबकि बबलू नट मौके से फरार हो गया था। पुलिस को उसकी तलाश थी, जिसे अब मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *