
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव में रविवार शाम करीब 6 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोनाडीह चट्टी स्थित मंदिर के पास एक बगीचे के समीप हुई, जहां खेल रहा मासूम तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, सोनाडीह निवासी गोपाल का 10 वर्षीय पुत्र अर्जुन अचानक आई कार की चपेट में आ गया ।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन सीधे बच्चे के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े। चालक ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंची मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बेटे का शव देखते ही वह दहाड़ें मारकर बिलख उठीं। बताया जा रहा है कि अर्जुन के पिता विदेश में नौकरी करते हैं।
दो भाइयों में अर्जुन सबसे छोटा था। परिवार की इस अपूरणीय क्षति से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

