
बलिया। जनपद के बेलहरी, रेवती और मनियर ब्लॉक में आंगनवाड़ी सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से गुरूवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में ‘खुली आपत्ति’ निवारण शिविर आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में विभिन्न केंद्रों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए मेरिट सूची, आरक्षण नियमों और पात्रता मानकों की जांच कराई। कई अभ्यर्थियों को उनके सवालों के स्पष्ट जवाब दिए गए, जिससे चयन प्रक्रिया को लेकर बने संशय दूर हुए।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पात्र अभ्यर्थियों को उनका अधिकार हर हाल में मिलेगा।
शिविर में कई अभ्यर्थियों को राहत मिली, जहां साक्ष्यों के आधार पर उनके चयन की स्थिति स्पष्ट की गई। इससे अभ्यर्थियों में संतोष और खुशी देखी गई। इस दौरान संबंधित ब्लॉकों के बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इनसेट
“हमारा उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाना है। हर शिकायतकर्ता को सुनकर यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी पात्र अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो।
ओजस्वी राज, मुख्य विकास अधिकारी, बलिया

