बलिया। विकास खंड बेलहरी के परसिया गांव स्थित भगवान पराशर ऋषि मंदिर परिसर में श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें 18 से 26 दिसंबर तक परम पूज्य त्रिदंडी स्वामी के शिष्य परम पूज्य श्रीलक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले महायज्ञ को भव्य बनाने पर चर्चा की गई। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए कमेटी का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में यज्ञ मंडप, प्रवचन स्थल, वाहन स्टैंड, प्रसाद वितरण केंद्र और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही स्वामी जी के प्रवास के लिए कुटिया निर्माण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए स्थानों का चयन किया गया। महायज्ञ की जानकारी क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गांवों में निमंत्रण पत्र वितरित करने के लिए टीम गठित की गई।
सर्वसम्मति से गठित हुई आयोजन समिति
बैठक में सर्वसम्मति से सूर्य नारायण सिंह को अध्यक्ष, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को मुख्य संरक्षक, विद्याशंकर सिंह को कोषाध्यक्ष और कमलेश सिंह को सचिव बनाया गया। वहीं, पूर्व मंत्री नारद राय समेत अन्य लोगों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया।
बैठक में मौजूद वैष्णव भक्तों और धर्मप्रेमियों ने महायज्ञ को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए तथा तन-मन-धन से सहयोग करने का भरोसा दिलाया। आयोजकों ने कहा कि महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, प्रसाद वितरण और ठहरने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों और वैष्णव भक्तों से आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की।
इस दौरान रमेश चंद्र मिश्र, ऊधौ चौबे, सुनील मिश्रा, रणधीर सिंह, नागेंद्र सिंह, ओमप्रकाश पांडेय, अशोक पाण्डेय,मनीष सिंह, प्रेम ओझा, अशोक त्रिवेणी सिंह, शत्रुघ्न सिंह, उदय प्रताप सिंह, मदद सिंह, चिंटू ओझा, संतोष पासवान, संपूर्णानंद, ओमप्रकाश खरवार, अनिल तिवारी, दिनेश पाठक, रमाशंकर सिंह, कमलदेव सिंह, भरत कुंअर,छितेश्वर यादव, अमरेंद्र मिश्र, वीर संतोष सिंह, कृष्णा सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
