दो बार में रुपये लेने का आरोप, एएसपी दक्षिणी और सीओ बांसडीह की संयुक्त जांच रिपोर्ट पर एसपी ने की कार्रवाई
बलिया। जमीन विवाद में एक व्यक्ति से दो बार में 61 हजार रुपये लेने के आरोप में पूर्व थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) और क्षेत्राधिकारी बांसडीह की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने यह कार्रवाई की है। निलंबित पुलिसकर्मियों में तत्कालीन थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक वंश बहादुर सिंह और मुख्य आरक्षी माधवानंद शामिल हैं। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी प्रचलित है।
क्या है पूरा मामला
उपनिरीक्षक वंश बहादुर सिंह बांसडीहरोड थाने में थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन विवाद में एक व्यक्ति से दो बार में कुल 61 हजार रुपये लेने का आरोप लगा। शिकायतकर्ता की ओर से इस संबंध में पर्याप्त साक्ष्य होने की बात भी सामने आई। मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर जांच शुरू की गई थी।
इससे पहले वंश बहादुर सिंह को बांसडीह रोड थाने से हटाकर जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) का प्रभारी बनाया गया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद एएसपी दक्षिणी और सीओ बांसडीह की संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने उन्हें और मुख्य आरक्षी माधवानंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने स्पष्ट किया कि राजस्व संबंधी मामलों, तस्करी और अवैध गतिविधियों में खाकी की संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में अग्रिम विभागीय जांच जारी है।
