
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर गांव में रविवार देर रात भीषण आग लगने से मां और उसके चार साल के बेटे की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि महिला का पति जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूद गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार चिलकहर गांव निवासी नीरज चौरसिया (32) ने करीब पांच वर्ष पहले चिलकहर-मटिहीं रोड पर दो मंजिला मकान बनवाया था। मकान के आगे दो दुकानें थीं, जबकि पीछे के हिस्से में परिवार रहता था। घर में नीरज की पत्नी रितिका (27), चार वर्षीय बेटा धीरज, छोटा भाई दीपक (28) और दुकान में काम करने वाला नौकर राजू गुप्ता रहते थे। बताया जा रहा है कि धीरज का दो दिन पहले ही मुंडन संस्कार हुआ था।

यह है पूरी घटना
रविवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। देर रात अचानक दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते पूरे मकान में धुआं भर गया। घुटन महसूस होने पर नीरज की नींद खुली और वह नीचे दुकान की ओर भागा, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। इसके बाद वह ऊपर जाकर परिवार को बचाने की कोशिश करने लगा, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल सका।
इस दौरान नीरज की पत्नी रितिका ने पड़ोस में कपड़े की दुकान चलाने वाले पिंटू सिंह को फोन कर कहा, “भइया बचा लीजिए, घर में आग लग गई है, नहीं तो हम मर जाएंगे।” सूचना मिलते ही पिंटू सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों के साथ मिलकर बचाव का प्रयास शुरू किया।
अंदर आग और धुआं देख पीछे हटे लोग
लोगों ने पास की दुकान से सीढ़ी लाकर घर के पीछे लगाई, लेकिन अंदर धुआं और आग ज्यादा होने के कारण कोई अंदर नहीं जा सका। बाद में मुख्य गेट का ताला तोड़कर लोग अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। इसी बीच नीरज पहली मंजिल से कूदकर बाहर निकल आया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।
बताया जाता है कि नीरज किसी तरह फिर से अंदर घुसा और पत्नी व बेटे को बाहर निकालकर दरवाजे तक ले आया। उसने लोगों से दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाने को कहा, लेकिन तब तक दम घुटने से मां-बेटे की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल नीरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा…
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के करीब 3ः30 बजे डायल 112 के माध्यम से चिलकहर में दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दो मंजिला मकान में बड़ी मात्रा में किराने का सामान रखा था, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरे मकान में धुआं भर गया। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

