
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव मे प्रेमिका के बुलाने पर रविवार को भोर में प्रेमिका से मिलने गए दुर्जनपुर गांव निवासी अमित साहनी को प्रेमिका के परिजनों ने जम कर धुनाई की। परिजनो ने कमरे में बंद कर लाठी डंडे राड से पीट-पीट कर अधमरा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रेमी को मौके से ले जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरावस्था में चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक बैरिया आरपी सिंह ने बताया कि अमित साहनी निवासी दुर्जनपुर के साथ रानीगंज क्षेत्र के एक गांव की किशोरी पढ़ती थी। दोनों में काफी दिनों से मेल मिला था। रविवार की भोर में किशोरी के बुलाने पर अमित साहनी उसके घर पहुंच गए। जहां प्रेमिका के कमरे में युवक को देख परिवार के किसी सदस्य ने दरवाजा की कुंडी बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद बगल के अंतिम सिंह, आलोक सिंह तथा घर के कृष्ण वर्मा ने युवक को लाठी डंडे राड से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अपने अभिरक्षा में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया।
प्रभारी निरीक्षक के अनुसार घायल अजीत साहनी की मां मंझरिया देवी पत्नी अजय साहनी निवासी दुर्जनपुर थाना रेवती के तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला सहित विभिन्न धाराओ मे मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

