
हरेराम यादव,
मझौंवा (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र के प्रसाद छपरा निवासी सीआरपीएफ के कमांडेंट उमेश तिवारी (59) का सोमवार की रात करीब आठ बजे श्रीनगर स्थित 92 बटालियन के आवास पर हृदय गति रुक जाने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मंगलवार को बटालियन द्वारा उनके पैतृक गांव प्रसाद छपरा भेजी गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
असिस्टेंट कमांडेंट पवन कुमार (जीसी, लखनऊ) की देखरेख में सीआरपीएफ के 10 जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर पैतृक आवास पहुंचे। यहां सीआरपीएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए पुष्पचक्र अर्पित कर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को हुकुम छपरा गंगा घाट ले जाया गया, जहां बड़े पुत्र शुभम तिवारी ने मुखाग्नि दी। कमांडेंट उमेश तिवारी के निधन से गांव में मातम छा गया। उनकी पत्नी उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। पति के पार्थिव शरीर से लिपटकर वह बार-बार बेसुध हो जा रही थीं, जिन्हें संभालने में पड़ोस की महिलाएं भी भावुक हो उठीं।

अंतिम संस्कार के दौरान समाजसेवी विजय कुमार तिवारी, कमांडो अवनीश कुमार कुशवाहा, पूर्व प्रधान मनोज यादव, सोनू गुप्ता, ओंकार तिवारी, अनिल कुमार, कृष्ण कुमार पासवान, राजकुमार रजक, विकेश शर्मा, गुड्डू पासवान, मुन्ना पांडेय, सतेंद्र पांडेय सहित सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित कर अपने लाल को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

