
रसड़ा। बसपा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की तेरहवीं में बुधवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धांजलि सभा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन समेत कई मंत्री, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता पहुंचे।

तेरहवीं कार्यक्रम से एक दिन पूर्व बिहार के एमएलसी व लोकगीत गायक पवन सिंह भी खनवर पहुंचकर स्व. उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार से मिले थे। 5 अगस्त से 17 अगस्त के बीच उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला लगातार जारी रहा।

इस दौरान एमएलसी बृजेश सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधायक सुशील सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, एमएलसी रविशंकर सिंह, मंत्री दिनेश सिंह, विधायक संग्राम यादव, जेपी अंचल, विधायक केतकी सिंह और मो. रिजवी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक हस्तियां खनवर पहुंचीं। उमाशंकर सिंह के निधन के बाद रसड़ा ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचे। तेरहवीं में उमड़ी भीड़ ने उनके व्यापक जनसंपर्क और राजनीतिक प्रभाव की तस्वीर भी सामने रखी।

