You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : दो सत्ताधारी ‘शंकर’ के सामने बसपा के उमाशंकर!

width="500"

रोशन जायसवाल,

जनपद की सियासत में हमेशा सुर्खियों में रहता है इनका नाम
बलिया।
जिले की राजनीति में तीन ऐसे नाम है, जो राजनीतिक गलियारे में हमेशा चर्चा में बने रहते है। जिले की सियासी करवटों में इनका नाम हमेशा सुर्खियों में रहता है। बागी बलिया की धरती पर यूं तो हर मोड़ पर राजनीति की नई इबारत लिखी जाती है, लेकिन मौजूदा दौर में जिले की सियासी धुरी तीन ‘शंकरों’ के इर्द-गिर्द घूम रही है। दयाशंकर, रविशंकर और उमाशंकर। इसमें सत्ताधारी दल के दो शंकर एवं बसपा के एक शंकर है। लेकिन लक्ष्य एक है बलिया की नुमाइंदगी और जनता के बीच अपनी पैठ बनाए रखना। विकास के दावे हो या विपक्षी दल पर तीखे हमले, इन तीनों दिग्गजों के बयानों के बिना बलिया की खबरें अधूरी रहती हैं।


छात्र राजनीति से निकले दयाशंकर सिंह वर्तमान में बलिया सदर से विधायक और उप्र सरकार में परिवहन मंत्री है। जिले में सड़कों का जाल, परिवहन व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण और बड़ी सरकारी योजनाओं को बलिया तक लाना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही विपक्ष के हमलों और स्थानीय मुद्दों पर सीधे जवाबदेही भी उन्हीं की बनती है। एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू का बलिया की जमीनी राजनीति में गहरा असर है। दल भले ही बदला, लेकिन स्थानीय निकायों और पंचायत स्तर की राजनीति पर एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू की पकड़ हमेशा मजबूत रही है। वही, उमाशंकर सिंह बसपा से तीन बार विधायक एवं बसपा विधानमंडल दल के नेता है। जब यूपी में बसपा ढलान पर थी, तब भी रसड़ा सीट बचाकर उमाशंकर सिंह ने साबित किया कि उनका खुद का जनाधार बेहद मजबूत है।

वे अपने क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निजी कोष से सामाजिक कार्य (गरीबों की मदद, शादियां, स्वास्थ्य शिविर) कराने के लिए जाने जाते हैं। दो सत्ताधारी ‘शंकरों’ के सामने बसपा विधायक उमाशंकर अकेले विपक्ष का मोर्चा संभालते हैं। चाहे बिजली की समस्या हो या सड़कों की बदहाली, वे सदन से लेकर सड़क तक जनता के सवाल मुखरता से उठाते हैं। इससे वे लगातार सुर्खियों में रहते हैं। जहां परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और एमएलसी रविशंकर सिंह सरकारी बजट और डबल इंजन सरकार के विकास दावों को सामने रखते हैं, वहीं बसपा विधायक उमाशंकर सिंह व्यक्तिगत स्तर पर जनता की तुरंत मदद करने की अपनी शैली को आगे बढ़ाते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *