Asarfi

Ballia : रंगभरी एकादशी पर बाबा बालेश्वर मंदिर में उड़ा अबीर-गुलाल, माता गौरी का हुआ गौना

width="500"

रोशन जायसवाल,
बलिया।
नगर स्थित बाबा बालेश्वर मंदिर में शुक्रवार की शाम रंगभरी एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम होते ही मंदिर परिसर अबीर-गुलाल और फूलों की पंखुड़ियों से सराबोर हो गया। इससे पूर्व सुबह माता गौरी के गौना की पारंपरिक रस्म विधि-विधान से संपन्न कराई गई।


मंदिर प्रबंधक अजय कुमार चौधरी उर्फ डब्लू ने बताया कि प्रातःकाल सर्वप्रथम बाबा भोलेनाथ और मां पार्वती का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात लड्डू, गाजा, खाजा सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और सेब, संतरा, अनार, केला जैसे फलों का भोग अर्पित किया गया। मां पार्वती को साड़ी, वस्त्र, बर्तन, बक्सा, घड़ी, चूड़ी, बिंदी सहित श्रृंगार की सामग्री चढ़ाई गई। मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चन कर माता गौरी का गौना संपन्न कराया।


शाम को रंगभरी एकादशी पर सबसे पहले बाबा भोलेनाथ एवं अन्य देवी-देवताओं को अबीर-गुलाल और विविध पुष्प अर्पित कर होली खेली गई। इसके बाद मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर और पुष्प वर्षा कर हर्षाेल्लास के साथ होली मनाई। मटिहीं गांव से आए श्रद्धालुओं ने फाग गीत प्रस्तुत कर माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ और मां पार्वती का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्ति और उल्लास से ओतप्रोत रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *