
बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित ऐतिहासिक ड्रामा हाल के सुंदरीकरण एवं पुनर्विकास की दिशा में पहल शुरू हो गई है। जनपद के स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को संजोए हुए इस धरोहर को संवारने के लिए वंदन योजना के अंतर्गत लगभग दो करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाएगा।
मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बताया कि ड्रामा हाल जनपद बलिया की नाटक, संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इसी स्थल से लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने का ऐतिहासिक योगदान रहा है। प्रस्ताव के तहत ड्रामा हाल के मंच, दर्शक दीर्घा, परिसर, प्रवेश द्वार, संपर्क मार्ग, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के निर्माण एवं सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद जनपद के कला प्रेमियों एवं कलाकारों को एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित सांस्कृतिक मंच मिलेगा, जहां स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। यह ड्रामा हाल भविष्य में जनपद बलिया को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त सांस्कृतिक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

