राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश होंगे मुख्य वक्ता
बलिया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जयंती वर्ष और जननायक चंद्रशेखर की 100वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 29 अक्टूबर को श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया में राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘चंद्रशेखर की जेल डायरी’ रखा गया है।
महाविद्यालय के मनोरंजन भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे, जबकि टीडी कॉलेज, बलिया के प्रो. जैनेंद्र पांडेय बीज वक्तव्य देंगे। कार्यक्रम के माध्यम से लोकनायक जयप्रकाश नारायण और जननायक चंद्रशेखर के विचारों, उनके सामाजिक-राजनीतिक योगदान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम तीन सत्रों में संपन्न होगा। प्रथम सत्र में उद्घाटन एवं पुष्पांजलि, द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं संवाद तथा तृतीय सत्र में प्रतिभा सम्मान और समापन होगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। आयोजक श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया की ओर से लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपील की गई है।
