हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में पहुंचे सुभासपा प्रदेश अध्यक्ष एवं एमएलसी, युवा नेता उपेंद्र सिंह मुकुंडी के प्रयासों की सराहना की
बेरुआरबारी (बलिया)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के युवा नेता उपेंद्र सिंह मुकुंडी की ओर से मंगलवार की देर शाम हनुमान मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बिछे लाल राजभर ने कहा कि भय, भूख और भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए एनडीए गठबंधन का दोबारा सत्ता में आना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान देश ही नहीं, विदेशों में भी बदली है। प्रदेश में निवेशकों की रुचि बढ़ी है और उद्योग-व्यापार के लिए बेहतर माहौल बना है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले व्यापारी डर के माहौल में कारोबार करने को मजबूर थे और उन्हें गुंडों को हफ्ता तथा महीना देना पड़ता था। शाम छह बजे के बाद लोग घरों से निकलने में भी डरते थे, जबकि आज देर रात तक लोग निडर होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करती है।
मुख्य अतिथि ने आयोजनकर्ता युवा नेता उपेंद्र सिंह मुकुंडी के कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और क्षेत्र के विकास में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं के निरंतर संघर्ष से ही वंचितों और शोषितों को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे जिला अध्यक्ष सुग्रीव राजभर सहित अन्य अतिथियों का आयोजक उपेंद्र सिंह मुकुंडी की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रभूषण सिंह उर्फ भोला सिंह, कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, भाजपा नेता रामायण सिंह, उमापति राजभर, अभिषेक सिंह, सूरज भारद्वाज, गुड्डू अंसारी, ओमप्रकाश दुबे, परमात्मा ओझा, जयशंकर यादव और टन्नू सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। अंत में आयोजक ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
