
बलिया। आगामी 29 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बलिया आने की चर्चा जोरशोर से हो रही है। सूत्रों के अनुसार सहतवार क्षेत्र स्थित पकंहा गांव (गलाफरपुर मौजा) में सीएम योगी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
सीएम के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और पकंहा में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय विधायक केतकी सिंह के प्रतिनिधि विश्राम सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा भी मौजूद रहे।
जेसीबी मशीनों की मदद से भूमि समतलीकरण का काम जारी है। पीडब्ल्यूडी को 28 अगस्त तक हर हाल में हेलीपैड तैयार करने का निर्देश दिया गया है। एएसपी और सीओ स्तर के अधिकारी रूट डायवर्जन और पार्किंग का फुलप्रूफ रोडमैप तैयार कर रहे हैं ताकि यातायात बाधित न हो।

