
उत्तर प्रदेश में वीआईपी सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने एक अभूतपूर्व और बड़ा कदम उठाया है। सरकार के सुरक्षा मुख्यालय ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और 11 कैबिनेट मंत्रियों सहित कुल 44 प्रमुख राजनेताओं को अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ जैकेट मुहैया कराई हैं। करीब 10 लाख रुपये की लागत वाली यह जैकेट पहली बार प्रदेश के राजनेताओं को बांटी गई है।
उत्तर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियों और खुफिया एजेंसियों से मिले सुरक्षा इनपुट्स के मद्देनजर शासन ने जनप्रतिनिधियों और प्रमुख विपक्षी नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से पुख्ता किया है। राज्य के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब सुरक्षा कवर के साथ-साथ नेताओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए महंगी बुलेटप्रूफ जैकेट सौंपी गई हैं।
प्रशासनिक स्तर पर इसे एहतियातन उठाया गया कदम माना जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे या सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान नेताओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो सके।
अखिलेश, मायावती समेत 44 नेताओं को 10-10 लाख की बुलेटप्रूफ जैकेट
उत्तर प्रदेश सुरक्षा मुख्यालय ने इन विशेष बुलेटप्रूफ जैकेट्स की खरीद कर इन्हें चयनित नेताओं को वितरित किया है। एक बुलेटप्रूफ जैकेट की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। जिन 44 नेताओं को यह जैकेट दी गई है, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के अलावा योगी सरकार के 11 कैबिनेट मंत्री जैसे संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और ओम प्रकाश राजभर शामिल हैं।
इसके अलावा पश्चिम यूपी के फायरब्रांड नेता संगीत सोम और सुरेश राणा को भी यह जैकेट दी गई है। इस निर्णय पर मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने जैकेट मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें अभी इसे पहनना नहीं आता है और न ही इसे पहनने का कोई प्रशिक्षण दिया गया है।

