
एनओसी देने में न करें अनावश्यक देरी, पाइपलाइन कार्य मानक के अनुरूप हो
बलिया। जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के कार्यों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रहे पेयजल परियोजनाओं की प्रगति, पाइपलाइन बिछाने और संबंधित कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए आवश्यक एनओसी देने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्थान पर एनओसी दिया जाना उचित है तो संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए जहां भी सड़क, गली अथवा अन्य मार्गों की खुदाई की गई है, वहां कार्य पूरा होने के बाद रास्ते को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सड़क चौड़ीकरण और पाइपलाइन बिछाने के कार्यों में आपसी समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि सड़क बनने के बाद दोबारा उसकी खुदाई कर पाइपलाइन बिछानी पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभाग और जलकल विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल से जुड़े कार्यों में विशेष सावधानी बरती जाए तथा जिला पेयजल योजना के तहत कराए जा रहे सभी कार्यों को तेजी से और पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां स्कूल, हॉस्पिटल, परिषदीय विद्यालय आदि के अगर पीने के पानी की पाइप लाइन खोदी गई है तो उसे प्राथमिकता पर ठीक कराए जल निगम के सभी जेई एवं एई कार्यदाई संस्था के साथ समन्वय बनाए, जिससे कहीं भी कार्य प्रभावित न हो। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार डीडीओ, आनंद प्रकाश, नमामि गंगे एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

