
बलिया। गोरखपुर स्थित बी.एन. पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय सीबीएसई ईस्ट ज़ोन हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 में सनबीम स्कूल बलिया के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। चौंपियनशिप के फाइनल मैच में विद्यालय की अंडर-14 टीम ने डीपीएस पटना और अंडर-19 टीम ने आर्मी पब्लिक स्कूल, कानपुर को हराकर अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस दोहरी स्वर्णिम सफलता के साथ ही दोनों टीमों ने हरियाणा में आयोजित होने वाली आगामी सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी आधिकारिक रूप से क्वालीफाई कर लिया है।
बता दें कि वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में ईस्ट ज़ोन की कई प्रतिष्ठित टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सनबीम स्कूल बलिया के खिलाड़ियों ने अनुशासन, शारीरिक दक्षता और बेहतरीन खेल रणनीति का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को मात दी।
विद्यालय निदेशक ने जताई प्रसन्नता
खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी केवल एक खेल नहीं, बल्कि समर्पण और अनुशासन का प्रतीक है। हमारे अंडर-14 और अंडर-19 खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि जब सही दिशा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का मेल होता है, तो सफलता अवश्य मिलती है। हमें पूरा विश्वास है कि हरियाणा में होने वाले नेशनल में भी बलिया के ये सितारे अपने खेल से पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। प्रधानाचार्या अर्पिता सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ष्जीत की यह ट्रॉफी हमारे खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, कोचों के अथक परिश्रम और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम है।

