You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : हुसैनाबाद में 33 केवी लाइन का तार चोरी करने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल समेत पांच गिरफ्तार

width="500"

विजय गुप्ता,
बांसडीह (बलिया)।
ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए हुसैनाबाद पावर हाउस से बांसडीह उपखंड तक बिछाई जा रही 33 केवी विद्युत लाइन के तार चोरी करने वाले गिरोह से कोतवाली पुलिस की मठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक बाल अपचारी को भी पुलिस निगरानी में लिया गया है। पुलिस ने मौके से चोरी का विद्युत तार, पिकअप वाहन, तमंचे, कारतूस, चाकू और तार काटने का कटर बरामद किया है।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 8 जुलाई की रात करीब 11 बजे कोतवाली बांसडीह पुलिस को ग्राम हुसैनाबाद में सरकारी बिजली के तार काटने वाले गिरोह की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो खुद को घिरा देख बदमाश वाहन से उतरकर भागने लगे और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें धर्मेंद्र कुमार पुत्र सुरेंद्र पटेल निवासी बालूपुर, थाना खेजुरी, जनपद बलिया के बाएं पैर में गोली लग गई।


घायल बदमाश की पहचान 31 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पूछताछ में धर्मेंद्र ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ 2/3 जुलाई और 4/5 जुलाई की रात हुसैनाबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन 33 केवी लाइन का तार काटकर चोरी किया था। पुलिस ने मौके से विश्वकर्मा तुरहा पुत्र शिवजी तुरहा निवासी नीरूपुर, थाना हल्दी; नितेश पटेल पुत्र शिवजी पटेल निवासी रैपुरा, थाना हल्दी; तथा दीपक साहू पुत्र मुन्ना साहू निवासी नीरूपुर, थाना हल्दी को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी निगरानी में लिया गया है।


कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेंद्र कुमार के पास से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा तार काटने का कटर बरामद हुआ है। विश्वकर्मा तुरहा के कब्जे से एक नाजायज चाकू तथा दीपक साहू के पास से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया है। गिरोह के कब्जे से पिकअप वाहन में रखा चोरी का विद्युत तार भी बरामद हुआ है। कोतवाल राकेश कुमार सिंह का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आठ खंभों से काट लिया गया था नया तार
बांसडीह। हुसैनाबाद पावर हाउस से बांसडीह उपखंड तक ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर विद्युत आपूर्ति देने के लिए करीब 12 किलोमीटर लंबी 33 केवी लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। विद्युत माध्यमिक कार्य खंड आजमगढ़ के अवर अभियंता प्रवीण रेमंड की तहरीर पर पहले अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अवर अभियंता के अनुसार, हुसैनाबाद स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से बांसडीह के 33 केवी विद्युत उपकेंद्र तक पोल और तार खींचने का कार्य लगभग पूरा हो चुका था। इसी दौरान हुसैनाबाद से केवरा के बीच चोरों ने करीब आठ खंभों पर लगे नए तार काटकर चोरी कर लिए। तार चोरी होने से निर्माणाधीन लाइन को शुरू करना संभव नहीं हो पा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, इसी दौरान तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हो गया।

चार दिन में घटना का खुलासा, कोतवाल ने अपराधियों को दी चेतावनी
बांसडीह। 33 केवी विद्युत लाइन का तार चोरी होने की घटना के मात्र चार दिन के भीतर कोतवाली पुलिस ने मामले का सफल अनावरण कर दिया। कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से आरोपितों तक पहुंचकर गिरोह का पर्दाफाश किया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में चोरी, लूट अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *