
बलिया। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने बाढ़ और कटान की समस्या को लेकर सरकार से बाढ़ खंड विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटान पीड़ितों के आंसू उनसे देखे नहीं जाते। यदि पिछले नौ वर्षों में सरकार द्वारा बाढ़ एवं कटान रोकने के लिए उपलब्ध कराए गए धन का सही और पारदर्शी ढंग से उपयोग किया गया होता, तो आज क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल चुकी होती।
सूर्यभान सिंह ने बताया कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बैरिया विधानसभा क्षेत्र सहित गंगा और घाघरा के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ एवं कटान की गंभीर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में गांव बाढ़ और कटान की चपेट में आ जाते हैं, जिससे लोगों के घर, खेत और आजीविका पर संकट खड़ा हो जाता है।
उन्होंने बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने विभाग से जानकारी मांगी है कि योगी सरकार के पिछले नौ वर्षों में विभाग को कुल कितना धन प्राप्त हुआ, किन योजनाओं पर कितना खर्च किया गया और उन कार्यों का क्या परिणाम रहा।
सूर्यभान सिंह ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि हर वर्ष हजारों परिवारों को विस्थापन और आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।

