
बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बेरूआरबारी स्थित बाबा भगवान दास मंदिर, करिहरा में बाबा अमरनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में बांसडीह विधायक केतकी सिंह का पूर्ण सहयोग रहेगा।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार श्रीराम कथा का आयोजन 22 जून से 30 जून तक होगा। कथा के दौरान सुप्रसिद्ध कथा वाचक राजन जी महाराज प्रतिदिन सायं चार बजे से सात बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे। आयोजकों ने बताया कि कथा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कथा स्थल पर पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य सुविधाओं की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
गौरतलब है कि इसी माह दिउली गांव में सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन हुआ था, जिसमें प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को कथा सुनाई थी। अब जिले के श्रद्धालुओं को करिहरा में राजन जी महाराज की श्रीराम कथा सुनने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

