
बैरिया (बलिया)। तथ्यों को छुपा कर राजस्व अभिलेख में कूटरचित तरीके से अपने पिता का नाम दर्ज कराने के मामले में बैरिया निवासी हरेराम सिंह उर्फ हरि सिंह के विरुद्ध मुरलीछपरा के ब्लॉक प्रमुख दोकटी निवासी कन्हैया सिंह ने दोकटी थाने में गंभीर धाराओं में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुटी हुई है। वही मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बता दे की बैरिया बाजार में दोकटी निवासी शैलेंद्र विक्रम सिंह व उनके भतीजे विशेष विक्रम सिंह व स्वर्गीय सतीश विक्रम सिंह की पत्नी प्रिया सिंह के नाम शीतगृह व 0.2830 हेक्टेयर जमीन जिसकी कीमत करोड़ों में है। उस जमीन का कुछ हिस्सा शैलेन्द्र विक्रम सिंह द्वारा कन्हैया सिंह के हक में मुहायदा किया गया है। आरोप है कि उसी जमीन पर हरेराम सिंह उर्फ हरि सिंह ने अपने पिता केदार सिंह पुत्र रणधीर सिंह का नाम कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नाम दर्ज कराया हैं।
इस प्रकरण में उपजिलाधिकारी बैरिया द्वारा जांच कराई गई। जांचोपरांत मामला फर्जी पाए जाने पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज हुआ है। थानाध्यक्ष दोकटी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कन्हैया सिंह के तहरीर पर अपराध संख्या 0095/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
हरि सिंह ने कहा, न्यायालय पर पूरा भरोसा
बैरिया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद इस संदर्भ में बैरिया निवासी आरोपी हरेराम सिंह उर्फ हरि सिंह के पूछने पर बताया कि एफआईआर नियम के विपरीत कराया गया है। इस मामले में दीवानी न्यायालय में वाद प्रचलित हैं। उसमें नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज नही होनी चाहिए। किन्तु पद व पॉवर का दुरुपयोग करके मेरे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैं। मुझे न्यायालय पर पूरा भरोसा है। न्यायालय से मुझे न्याय मिल जाएगा।

