You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : सरयू नदी में डूबने से इकलौते बेटे की मौत, मां की चीत्कार से गूंज उठा गांव

width="500"

सिकंदरपुर (बलिया)। क्षेत्र के डूहा बिहरा गांव स्थित सरयू नदी में स्नान के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम दिखाई दी और शोक का माहौल व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बनहरा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (25) पुत्र श्रीप्रकाश शर्मा सोमवार को अपने मित्रों शिवम सिंह, अभिषेक राजभर एवं अन्य साथियों के साथ डूहा बिहरा गांव स्थित शिव मंदिर में दर्शन-पूजन करने गया था।


पूजा-अर्चन से पहले सभी युवक सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान धर्मेंद्र अचानक नदी के गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने धर्मेंद्र को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि धर्मेंद्र अपने पिता श्रीप्रकाश शर्मा का इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार की उम्मीदों का केंद्र रहे धर्मेंद्र की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

बेटे के शव से लिपटकर रोने लगी मां
जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। मां बिंदु देवी अपने बेटे के शव से लिपटकर दहाड़ें मार-मारकर रोने लगीं। वह बार-बार बेटे का नाम पुकारते हुए बेहोश हो जा रही थीं। पिता श्रीप्रकाश शर्मा की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिजनों और रिश्तेदारों की चीत्कार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गांव के लोगों का कहना है कि धर्मेंद्र मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था। उसकी मौत की खबर से पूरे बनहरा गांव में मातम छा गया। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *