
बलिया। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पतित पावनी मां गंगा के अवतरण दिवस पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

सूर्याेदय से पहले ही श्रद्धालु गंगा तटों पर पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, घाटों पर भीड़ बढ़ती चली गई। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। नगर के महावीर घाट, शिवरामपुर घाट, माल्देपुर घाट के अलावा उजियार घाट, पचरुखिया घाट और गंगापुर घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। मुंडन संस्कार के चलते घाटों पर विशेष भीड़ रही और कई स्थानों पर बच्चों के मुंडन संस्कार भी संपन्न कराए गए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिसकर्मी नावों के जरिए गश्त करते रहे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों से लोगों को गहरे पानी में न जाने तथा निर्धारित घाटों पर ही स्नान करने की लगातार अपील करते रहे।

वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण महावीर घाट मार्ग तथा रामगढ़ से पचरुखिया तक एनएच-31 पर कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

