Asarfi

Ballia : उद्यमियों की समस्याओं पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

width="500"

भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने दिए आरओ प्लांट चालू रखने के निर्देश
बलिया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों और व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही, बलिया के उद्यमियों ने बताया कि पिछले वर्ष औद्योगिक आस्थान में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात और सामान्य दिनों में भी जलभराव की समस्या बनी रहती है। पानी बाहर न निकल पाने से उद्योग संचालन प्रभावित हो रहा है।

निर्बाध विद्युत आपूर्ति न होने की समस्या
वहीं मेसर्स अंकुर प्लास्टिक इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अरुण सिंह ने क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति न होने की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली बाधित रहने से उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उद्यमियों के साथ बैठक कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

खंडजा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई
बैठक में मेसर्स आकृति फूड्स के पार्टनर पंकज पाण्डेय ने ग्राम हरिहरपुर मौजा स्थित पोल्ट्री फीड फार्म तक जाने वाले मनरेगा से निर्मित खंडजा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि सड़क खराब होने से आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है तथा मार्ग की मरम्मत कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, ताकि औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित न हों।

जहां-जहां आरओ प्लांटे, सभी रहें चालू
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले में जहां-जहां आरओ प्लांट स्थापित हैं, वे सभी चालू स्थिति में रहें। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जाम की समस्या को लेकर नगर पालिका बलिया द्वारा अस्थायी स्टैंड को सुव्यवस्थित करने, अतिक्रमण हटाने तथा स्थायी अतिक्रमण टास्क फोर्स के गठन का प्रस्ताव रखा गया। जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका को निर्देश दिया कि प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाए तथा संबंधित स्थल पर शौचालय निर्माण कराया जाए। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट और ईओ नगर पालिका को मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्टैंड संचालन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *