
मामला, बलिया में बिजली आपूर्ति के दुर्व्यवस्था का
रोशन जायसवाल,
बलिया। इन दिनों बिजली आपूर्ति में कटौती को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एक्शन में दिखे। उन्होंने पावर कारपोरेशन के एमडी व चेयरमैन से बातचीत की। उपभोक्ताओं की तरफ से मंत्री के यहां शिकायत आई थी कि बलिया शहर व गांवों में बिजली की भारी कटौती हो रही है। कारण यह है कि जर्जर तार, ओवरलोड और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। इसको लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कुछ अधिकारियों से बातचीत की और समस्या के समाधान के लिए निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एमडी और चेयरमैन ने उन्हें आश्वस्त किया कि बहुत जल्द जर्जर तारों को हटाया जाएगा और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि बढ़ाई जाएगी। जो रोस्टर है उसे भी सही किया जाएगा। इसके अलावा बांसडीहरोड, रेलवे लाइन के अंडरपास विद्युत केबल को चेंज किया जाएगा क्योंकि ये केबल वर्षो। पुराना है और जर्जर हो गया है। दुबहड़ फीडर और टकरसन क्षेत्र के जर्जर तार बदले जाएंगे। मंत्री के एक्शन के बाद आजमगढ़ के मुख्य अभियंता रामबाबू बलिया पहुंचे और उन्होंने अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार से बातचीत कीं। रोस्टर, जर्जर तार और ट्रांसफार्मर ठीक करने की बात की।
माल्देपुर और भरसौता में बनेगा पावर हाउस
बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जनता की डिमांड माल्देपुर और भरसौता में पावर हाउस बनाया जाएगा इसके लिए अधिकारियों को जमीन के लिए निर्देश दे दिया गया है। इसमें कोई विलंब नहीं होगा यथाशीघ्र पावर हाउस का निर्माण होगा। बताते चलें कि विशुनीपुर पावर हाउस से फेफना के बीच कोई पावर हाउस नहीं है। माल्देपुर पावर हाउस बनने से चंद्रशेखर नगर, माल्देपुर, खोेरीपाकड़, नसीराबाद, सागरपाली, रामपुर महावल, जलालपुर, हैबतपुर आदि गांवों का विद्युत आपूर्ति ठीक से मिलेगी।

