
बैरिया (बलिया)। चुपके से पति के सहमति के बिना मायके जाकर पत्नी ने गर्भपात कराया। पति ने गर्भ में पल रहे शिशु की हत्या के मामले में पत्नी सहित चार अन्य ससुरालयों व एक अज्ञात के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर रेवती थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बता दे कि सुरेमनपुर दियराचंल के गोपाल नगर गांव निवासी सोनू कुमार सिंह की शादी पिछले वर्ष 23 मई को ग्राम लक्ष्मीपुर सिन्हा जनपद भोजपुर बिहार निवासी नंदनी कुमारी से हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी के बाद 24 मई को विदाई करा करके अपनी पत्नी को गोपाल नगर ले आया था। फिर उसे लेकर दिल्ली चला गया। इस बीच पत्नी नंदिनी गर्भवती हो गई। इसके बाद मायके वालों के बुलावे पर पहले वह अपने ससुराल गोपाल नगर आई और फिर मायके लक्ष्मीपुर सिन्हा चली गई। जहां पति के सहमति के बिना नंदिनी ने गर्भपात करा दिया।
जानकारी होने पीड़ित पति सोनू ने रेवती थाने में प्रार्थना पत्र दिया, किंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। हार थक कर न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय बलिया के न्यायालय में परिवाद दाखिल किया, और गुहार लगाई की दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। न्यायालय के आदेश पर पत्नी नंदनी कुमारी के अलावा ससुराल के सरस्वती देवी, विशाल पांडे, अंजली कुमारी व एक अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी किया गया। न्यायालय के आदेश पर रेवती पुलिस ने रविवार को आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
इस संदर्भ में पूछने पर थानाध्यक्ष रेवती अनुपम जायसवाल ने बताया कि मामला मेरे कार्यकाल का नहीं है। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई हो रही है।

