
बलिया। जनपद की प्रतिभाशाली बेटी स्मृति पांडेय ने इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर है। स्मृति पांडेय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की थी, जहां से उन्होंने मेहनत और लगन के साथ अपने सपनों की नींव रखी।
स्मृति पांडेय की सफलता की कहानी संघर्ष और समर्पण से भरी रही है। इनकम टैक्स ऑफिसर बनने से पहले वह बिहार में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ती रहीं।
मंगलवार को दिल्ली पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल में उनका भव्य स्वागत किया गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में प्रबंधक शाहिद सर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर स्मृति पांडेय को फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्मृति पांडेय ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का महत्व बताया। स्कूल प्रबंधक शाहिद सर ने कहा कि स्मृति पांडेय की उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के और भी विद्यार्थी भविष्य में ऐसे ही मुकाम हासिल करेंगे।

