
रोशन जायसवाल,
बलिया। आयकर विभाग की छापेमारी के बाद लखनऊ से अपने गांव खनवर लौटे बसपा विधायक उमाशंकर सिंह लोगों से भेंट मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने कहा कि आयकर विभाग का हमारा परिवार पूरा सहयोग किया है। वह एक प्रक्रिया है जिसमें हम पूरा सहयोग कर रहे है। बतातें चलें कि 25 फरवरी को आयकर विभाग ने विधायक उमाशंकर सिंह व उनके सहयोगियों के ठिकानों पर करीब 50 से अधिक जगहों पर छापेमारी की थी। लखनऊ, सोनभद्र और बलिया में करीब तीन दिनों तक छापेमारी चलती रही। अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बलिया जिले में आयकर विभाग की रही है।

गौरतलब हो कि छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाते हुए उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े सदन तक पहुंचे उमाशंकर सिह रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार से विधायक है। सड़क निर्माण के मामले में छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन उनके परिवार के ही सदस्यों द्वारा संचालित होती है। पूर्वांचल के कई जिलों में छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन सड़क निर्माण कार्य में है। उत्तर प्रदेश में यह भी कहा जाता है कि उप्र में सत्ता किसी की भी रही हो उमाशंकर सिंह सत्ता में अपनी पैठ बनाने में कामयाब रहे है।
लोक निर्माण मंत्री कुसुम राय, शिवपाल सिंह यादव, नसीमुद्दीन सिद्दीकी से अच्छी पकड़ रही है। इसके अलावा मौजूदा सरकार में भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। बसपा सुप्रीमो मायावती अपने सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के यहां निमंत्रण नहीं करने जाती है लेकिन बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के पुत्र और पुत्री के विवाह में शामिल हुई और काफी समय तक परिवारिक सदस्यों में समय भी बिताई, जैसा कि कहा जाता है।

